वाराणसी
PM के काशी आगमन से पहले भाजपा का स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन से पहले भारतीय जनता पार्टी महानगर ने तैयारियों को गति देते हुए मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का जलाभिषेक कर उसे स्वच्छ करने से की। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि के उपरांत महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मलदहिया चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे जमा कचरे को हटाया गया और क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी आ रहे हैं, जो काशीवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को ‘स्वच्छ भारत’ का संदेश दिया है और उनके स्वागत में पूरी काशी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से सरदार पटेल चौराहे पर सफाई अभियान चलाया गया है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बाबा की नगरी अपने भव्य स्वरूप में प्रधानमंत्री का स्वागत कर सके।
इस स्वच्छता अभियान में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद सुशील गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा, नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, अशोक जाटव, सत्य प्रकाश जायसवाल, अनिल तिवारी, रंजीत सोनकर, मनोज विश्वकर्मा, आशीष कृष्ण अग्रहरी और विशाल चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
