वाराणसी
काशी में तपिश का कहर, तापमान ने तोड़ा फरवरी का रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच वाराणसी इन दिनों रिकॉर्डतोड़ गर्मी का सामना कर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के वार्म सेक्टर के प्रभाव से यहां तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई। बुधवार को वाराणसी पूरे प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा, जहां बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक था। राजघाट पर तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और बाबतपुर में 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।
प्रदेश के अन्य शहरों में प्रयागराज 31.2 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि हमीरपुर और झांसी में तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तीखी धूप ने मौसम को गर्म कर दिया, जिससे लोगों ने ठंड के कपड़े उतारकर रख दिए। बीते 24 घंटों में तापमान में 1.1 से 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जिससे दिन और भी तप्त हो गया।

दोपहर में पछुआ हवाओं से मिली राहत
हालांकि, दोपहर 2 बजे के आसपास पछुआ हवा की गति 24 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने से थोड़ी राहत मिली, अन्यथा गर्मी और भी बढ़ सकती थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पछुआ हवाओं की गति सुबह और शाम के समय कम रहने से तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है। गुरुवार को भी हवा की गति 15 से 30 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
बढ़ती गर्मी के कारण वातावरण में नमी भी घट रही है। बुधवार को आर्द्रता 74 प्रतिशत से गिरकर 45 प्रतिशत तक पहुंच गई और गुरुवार को इसके और कम होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, गर्मी के बावजूद वाराणसी के घाटों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो शहर की रौनक को बरकरार रखे हुए है।
