मनोरंजन
तब्बू ने दिया ‘हेरा फेरी 3’ में अपनी एंट्री का हिंट, कहा – मेरे बिना…
मुंबई। फिल्म हेरा फेरी 3 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिससे फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। दिग्गज एक्ट्रेस तब्बू ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वह भी इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का हिस्सा बन सकती हैं।
तब्बू ने इंस्टाग्राम स्टोरी में अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “मेरे बिना हेरा फेरी 3 की कास्ट पूरी हो जाए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता!” इसके साथ ही उन्होंने प्रियदर्शन को भी टैग किया। इस पोस्ट के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि इससे इशारा मिलता है कि हेरा फेरी के पहले पार्ट की स्टारकास्ट फिर से एकसाथ नजर आ सकती है।
बता दें कि तब्बू ने साल 2000 में आई पहली हेरा फेरी में सुनील शेट्टी की गर्लफ्रेंड का किरदार निभाया था। हालांकि, 2006 में आई फिर हेरा फेरी में वह नजर नहीं आई थीं। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि 2026 में रिलीज होने वाली हेरा फेरी 3 में वह फिर से वापसी कर सकती हैं। हाल ही में डायरेक्टर प्रियदर्शन ने अपने जन्मदिन पर फिल्म का ऐलान किया था और अक्षय कुमार, परेश रावल व सुनील शेट्टी को टैग किया था।
अगर तब्बू की वापसी होती है, तो यह फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस बारे में आधिकारिक घोषणा कब करते हैं और क्या सच में हेरा फेरी 3 में पुराने सितारों का ग्रैंड री-यूनियन देखने को मिलेगा!