Connect with us

जौनपुर

“शादी की बात चल रही, अभी नहीं हुई सगाई” : तूफानी सरोज

Published

on

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के मछली शहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय टीम के युवा क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई की खबरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। लेकिन प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने इस तरह की बातों से इनकार किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया में चल रही खबरों का खंडन करते हुए फर्जी बताया और कहा कि,अभी ऐसी कोई बात नहीं है। बेटी की सगाई की बात चल रही है। रिंकू सिंह के घर वालों ने हमारे बड़े दामाद जो अलीगढ़ में न्यायिक अधिकारी हैं, उनके पास रिश्ते को लेकर बात की। हम इस रिश्ते पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रहे हैं। शादी का मामला है, इसीलिए अभी बहुत कुछ सोच समझकर फैसला लेना होगा, लेकिन दोनों की सगाई की खबर सही नहीं है।

प्रिया सरोज बनीं 2024 में लोकसभा की सबसे कम उम्र की सांसद

प्रिया सरोज, समाजवादी पार्टी (सपा) की युवा नेता 2024 में लोकसभा चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया। वह उन चार सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने सबसे कम उम्र में चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। मात्र 25 साल की प्रिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता बीपी सरोज को 35 हजार से अधिक वोटों से हराया और अपनी जीत से सियासी गलियारों में हलचल मचा दी।

प्रिया सरोज की शिक्षा दिल्ली यूनिवर्सिटी से हुई है और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकील के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। वह एक सियासी परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता तूफानी सरोज, जो खुद एक प्रसिद्ध नेता हैं राजनीति में कई दशकों से सक्रिय रहे हैं।

Advertisement

कौन हैं तूफानी सरोज ?

प्रिया सरोज के पिता, तूफानी सरोज, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की केराकात विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। वह तीन बार लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। 1999 में सैदपुर, 2004 में गाज़ीपुर और 2009 में मछलीशहर से सांसद बने थे। हालांकि, 2014 में मछलीशहर लोकसभा सीट से हुए चुनाव में वह बीजेपी के उम्मीदवार राम चरित्र निषाद के हाथों हार गए थे। इस चुनाव में तूफानी सरोज तीसरे स्थान पर रहे थे, जबकि मोदी लहर ने बीजेपी के पक्ष में भारी लहर पैदा की थी। तूफानी सरोज सपा के बड़े नेताओं में शुमार हैं और उनकी इलाके में मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page