बड़ी खबरें
दक्षिण अफ्रीका खदान हादसा: भूख से तड़पकर 100 मजदूरों की मौत
500 से ज्यादा अब भी फंसे
दक्षिण अफ्रीका की एक सोने की खदान में बड़ा हादसा हुआ है। अवैध खनन के दौरान भूख और प्यास की वजह से 100 से अधिक मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से ज्यादा मजदूर अब भी खदान में फंसे हुए हैं।
माइनिंग अफेक्टेड कम्युनिटीज यूनाइटेड इन एक्शन ग्रुप (MACUA) ने खुलासा किया कि खदान में फंसे मजदूरों की स्थिति बेहद गंभीर है। शुक्रवार (10 जनवरी) को कुछ मजदूरों द्वारा भेजा गया एक वीडियो सामने आया, जिसमें सैकड़ों लोग भूख और प्यास से तड़पते नजर आए। वीडियो में मृतकों के शव भी दिखाए गए, जिससे हादसे की भयावहता का पता चलता है।
अब तक 100 से अधिक मजदूरों की मौत
MACUA के प्रवक्ता सबेलो मंगुनी ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी प्रांत की इस खदान में कम से कम 100 मजदूरों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार से अब तक 18 शव निकाले जा चुके हैं। सोमवार को चलाए गए बचाव अभियान में 9 और शव बरामद किए गए, जबकि 26 मजदूरों को जिंदा बाहर निकाला गया।
पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर सेबाटा मोकगवाबोन ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मजदूरों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें हो रही हैं। हालांकि, अधिकारियों को अभी भी सटीक संख्या का इंतजार है।
अवैध खनन बना खतरा, हादसे पर बढ़ रहा आक्रोश
दक्षिण अफ्रीका में अवैध खनन की घटनाएं आम हैं। बंद पड़ी खदानों में मजदूर शेष भंडार की तलाश में अवैध रूप से प्रवेश करते हैं। स्टिलफोंटेन के पास स्थित बफ़ेल्सफोंटेन गोल्ड माइन में नवंबर से ही खनिकों और पुलिस के बीच संघर्ष जारी था।