Connect with us

वाराणसी

नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। सोमवार देर रात वाराणसी के तरना ओवरब्रिज के पास वाराणसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल सुष्मिता सिंह (30) ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान सुष्मिता करीब एक घंटे तक रेलवे ट्रैक पर घूमती रहीं और किसी से फोन पर बात करती रहीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह रोते हुए फोन पर बहस कर रही थीं। ट्रेन के पास आते ही उन्होंने अपना मोबाइल दूर फेंक दिया और दोनों हाथ खोलकर पटरी पर खड़ी हो गईं। लखनऊ से आ रही सुल्तानपुर पैसेंजर ट्रेन के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुष्मिता के पास मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

सुष्मिता सिंह का मायका आजमगढ़ के दौलताबाद में है और ससुराल जौनपुर के चंदवक में। वह अपनी आठ वर्षीय बेटी के साथ वाराणसी के शिवपुर स्थित चंद्राग्रीन अपार्टमेंट में किराए पर रहती थीं। उनके पति सौरभ सिंह सिक्किम में केमिस्ट हैं और वहीं नौकरी करते हैं।

परिवार के अनुसार, सुष्मिता शादीशुदा जीवन में तनाव का सामना कर रही थीं। हालांकि, आत्महत्या का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने सुष्मिता के दोनों मोबाइल जब्त कर लिए हैं और उनकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।

घटना के बाद सुष्मिता की सास शांति सिंह और परिजन मौके पर पहुंचे। सुष्मिता की ननद खुशहाल नगर में रहती हैं। बताया जा रहा है कि परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और सुष्मिता ने घर से फॉर्म भरने की बात कहकर निकली थीं।

Advertisement

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page