गाजीपुर
ट्रक से भिड़ी अनियंत्रित बाइक, एक की मौत
गाजीपुर (जयदेश)। शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिरनो थाना क्षेत्र के पारा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक अनियंत्रित बाइक जा टकराई। हादसे में बाइक सवार विवेक यादव (29), निवासी मुड़रहा, थाना नंदगंज, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे हरिकेश राजभर, निवासी घरीहां, थाना मरदह, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सुबह तड़के उस समय हुई, जब विवेक यादव आजमगढ़ में विद्युत विभाग की परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हरिकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक विवेक यादव का विवाह 2023 में हुआ था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है। उनके पिता सुरेश यादव, भाइयों अभिषेक और दीपक यादव, तथा पत्नी अमृता का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिरनो थानाध्यक्ष बिंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को जब्त कर लिया। मृतक के पिता की तहरीर पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
