मऊ
संघरत्ना ने मिशन शक्ति के तहत खंड शिक्षा अधिकारी की निभाई भूमिका
मऊ। शनिवार को बीआरसी घोसी में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जूनियर हाईस्कूल घोसी की कक्षा 7 की छात्रा संघरत्ना को खंड शिक्षा अधिकारी की भूमिका निभाने का अवसर मिला। खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रतीकात्मक रूप से चार्ज सौंपा। इसके बाद संघरत्ना ने खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यालय में प्रस्तुत पत्रावलियों का समुचित निराकरण किया।
उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों से उनकी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और बच्चों को अनुशासन और शिक्षा के महत्व को समझाया।
धर्मेंद्र कुमार ने इस मौके पर कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। संघरत्ना ने जिस आत्मविश्वास और समझदारी से अपनी भूमिका निभाई वह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
संघरत्ना ने इस अवसर पर बताया कि यह उनके लिए एक खास अनुभव था। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें यह सिखने को मिला कि नेतृत्व करना और जिम्मेदारी निभाना कितना महत्वपूर्ण है और यह उनका आत्मविश्वास भविष्य में और भी मजबूत करेगा। कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों और शिक्षकों से मिशन शक्ति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलवाया।
