वाराणसी
कोलकाता से तीन जलपोतों का वर्चुअल उद्घाटन
जलमार्गों से माल ढुलाई को मिला नया आयाम
रामनगर। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को कोलकाता में वर्चुअल माध्यम से तीन मालवाहक जहाजों को हरी झंडी दिखाकर उनके नौकायन का उद्घाटन किया। इनमें एमवी त्रिशूल, एमवी आई, और एमवी होमी भाभा शामिल हैं।

एमवी त्रिशूल 1,500 टन सीमेंट लेकर गुवाहाटी जाएगा, एमवी आई 1,000 टन जिप्सम लेकर पटना पहुंचेगा और एमवी होमी भाभा वाराणसी में 200 टन कोयला लेकर पहुंचेगा।

इन जहाजों का संचालन इनलैंड एंड कोस्टल शिपिंग लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की सहायक कंपनी है।मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने बताया कि 2014 में जहां जलमार्गों से 33 मिलियन टन की ढुलाई हो रही थी वहीं अब यह आंकड़ा 133 मिलियन टन तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जल परिवहन को दूरदराज के इलाकों तक माल ढुलाई के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया।
जहाजरानी राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने भी जल परिवहन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान सचिव टीके रामचंद्रन ने जलमार्गों पर बढ़ते कार्गो यातायात और कार्गो प्रमोशन योजना की जानकारी दी।
यह योजना रेल और सड़क परिवहन से जलमार्गों की ओर शिफ्टिंग को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। प्रारंभिक चरण में इसे गंगा, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों के जलमार्गों पर लागू किया जाएगा जिसमें तीन वर्षों के लिए 95.4 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में मंत्रालय और बंदरगाह के कई अधिकारी उपस्थित थे। वहीं रामनगर के जालहुपुर स्थित बंदरगाह पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12:30 बजे हुआ।
