वाराणसी
भाजपा नेता महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बांटे 1000 कंबल और स्टेशनरी सामग्री
रामनगर (वाराणसी)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रयागराज प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव ने शनिवार को भीटी स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच 1,000 कंबल, स्कूल बैग, जूते और मोजे वितरित किए। यह कार्यक्रम अंत्योदय परिषद द्वारा महेश चंद्र श्रीवास्तव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई, जिसे पाकर वे काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए काउंसलिंग और मोटिवेशन सेशन का भी आयोजन किया गया।
बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
महेश चंद्र श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “आपकी जिज्ञासा और सपने ही देश का भविष्य तय करेंगे। रोजाना एक नया सवाल पूछने की आदत डालें और उसका उत्तर किताबों, शिक्षकों, बड़ों या इंटरनेट से खोजें।” उन्होंने बताया कि इस आदत से बच्चों का मस्तिष्क विकास होगा और वे 10 वर्षों में हजारों विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ावा दें और उन्हें नए-नए सवाल पूछने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में प्रधान डॉ. रीना सोनकर, सत्येंद्र सिंह पिंटू, संतोष द्विवेदी, सर्वेंद्र विक्रम सिंह, अजय प्रताप सिंह, सृजन श्रीवास्तव, आशुतोष पांडेय, नंदलाल चौहान, सुरेश बहादुर सिंह, गोविंद मौर्य, शशांक श्रीवास्तव, अक्षत वर्मा, राकेश मिश्रा, सुनील श्रीवास्तव, ललित सिंह, जय सिंह चौहान, सुनीता गुप्ता और कंचन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अंत्योदय परिषद ने बच्चों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
