वायरल
अंडमान के पास समंदर में पकड़ी गयी छह हजार किलो ड्रग्स
इंडियन कोस्ट गार्ड ने अंडमान-निकोबार आइलैंड के पास से 6 हजार किलो ड्रग्स जब्त की है। कोस्ट गार्ड के अधिकारी के मुताबिक, पोर्ट ब्लेयर से 150 किलोमीटर दूर बैरेन आइलैंड के पास एक नाव से 2-2 किलो के 3 हजार पैकेट बरामद हुए। नाव में म्यांमार के 6 नागरिक सवार थे, जिन्हें हिरासत में लिया गया है। 24 नवंबर को कोस्ट गार्ड के डोर्नियर एयरक्राफ्ट की रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान पायलट को यह नाव दिखाई दी।
ड्रग्स की तस्करी का शक होने पर पायलट ने नाव के पास पहुंचने की कोशिश की लेकिन नाव ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पायलट ने तुरंत पोर्ट ब्लेयर पुलिस को जानकारी दी। कुछ समय बाद पुलिस और कोस्ट गार्ड ने मिलकर नाव को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान करोड़ों रुपए की ड्रग्स बरामद हुई जिसे भारत में तस्करी के लिए लाया गया था। कोस्ट गार्ड के मुताबिक यह अब तक की सबसे बड़ी खेप है जो पकड़ी गई है।
इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात ATS ने 15 नवंबर को पोरबंदर तट से 500 किलो ड्रग्स पकड़ी थी जिसकी कीमत 700 करोड़ रुपए आंकी गई थी। यह कार्रवाई दिल्ली NCB की सूचना पर की गई थी। बोट की तलाशी के दौरान ड्रग्स जब्त की गई थी।ड्रग्स की तस्करी के ऐसे कई मामले सामने आए हैं। सितंबर 2024 में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 228 किलो गांजा पकड़ा था, जो समुद्री रास्ते से आई थी।
अप्रैल 2021 में 8 पाकिस्तानियों से 150 करोड़ की हेरोइन बरामद हुई थी। जनवरी 2020 में मछली पकड़ने वाली नाव से 175 करोड़ की 35 किलो हेरोइन पकड़ी गई थी। अगस्त 2018 में पाकिस्तान से लाई गई 100 किलो हेरोइन में से 5 किलो बरामद हुई थी।
जुलाई 2017 में गुजरात में व्यापारी जहाज से 1500 किलो हेरोइन जब्त की गई थी। हाल ही में 11 अक्टूबर को दिल्ली में नमकीन के पैकेट में छिपाकर रखी गई 2 हजार करोड़ की ड्रग्स बरामद की गई थी, जिसे दुबई से दिल्ली लाया गया था। इस केस को अब तक का सबसे बड़ा ड्रग्स सिंडिकेट बताया गया।
