Connect with us

पूर्वांचल

अब 196 केंद्रों पर होगी यूपी बोर्ड परीक्षा, बदले गए 43 केंद्र

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित की जाने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा इस बार जिले के 196 केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों की सूची का निर्धारण कर फाइनल सूची शिक्षा निदेशालय को भेजी जा चुकी है।

हाल ही में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के स्थलीय सत्यापन के दौरान 43 केंद्रों को बदलने का निर्णय लिया गया है। सत्यापन के दौरान कुछ केंद्रों पर गड़बड़ी पाई गई, जिसके कारण सात केंद्रों को रद कर दिया गया है।

परीक्षा में इस बार 1 लाख 44 हजार 379 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। पहले 203 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई थी, जिसके बाद 428 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें से 293 आपत्तियां केंद्रों की दूरी को लेकर थीं। अन्य आपत्तियां केंद्र न बनाने के लिए 100, केंद्र बनाने के लिए 9 और अन्य कारणों से 26 आईं।

इन आपत्तियों के निस्तारण के लिए शिक्षा विभाग ने तहसील स्तर पर एक कमेटी का गठन किया था, जिसने 20 नवंबर तक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी। इसके बाद 43 परीक्षा केंद्रों में गड़बड़ी मिलने पर उन्हें बदल दिया गया, जिसमें 3 राजकीय, 11 वित्त पोषित और 29 स्ववित्त पोषित केंद्रों को बदला गया। वहीं, कुछ नए केंद्रों को भी जोड़ा गया है।

अब 196 परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप से निर्धारित किया गया है, जिसमें 12 राजकीय विद्यालय, 74 वित्त विहीन विद्यालय और 110 वित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।

Advertisement

पिछले वर्ष से तुलना
वर्ष 2024 की परीक्षा के लिए 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिसमें 10 राजकीय, 75 वित्त पोषित और 133 वित्त विहीन विद्यालय शामिल थे। इस बार केंद्रों की संख्या में कमी आई है, जबकि छात्रों की संख्या में भी 4,795 की कमी आई है।

परीक्षा वर्ष 2025 के छात्र आंकड़े:

कक्षा 10: 67,358

कक्षा 12: 77,102

जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पूरा हो चुका है और इसकी सूचना बोर्ड को भेज दी गई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page