वाराणसी
ससुराल गये युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, हत्या की आशंका
शव के पास मिला संदिग्ध पदार्थ और चॉकलेट
मिर्जामुराद (वाराणसी)। चक्रपानपुर और मोंगलावीर गांव के बीच स्थित ताल में रविवार की दोपहर एक 35 वर्षीय युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान मिर्जामुराद के अमीनी गांव निवासी विनोद पटेल (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनोद शनिवार को अपनी पत्नी अनीता और दो बच्चों के साथ ससुराल, मोंगलावीर गांव, अपने साले रविंद्र पटेल की शादी में शामिल होने गए थे। शादी के दौरान चौथी रस्म (बकरा पार्टी) के बाद विनोद रात में घर लौटने के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
रविवार सुबह जब उनकी पत्नी अनीता बच्चों के साथ घर पहुंचीं तो पता चला कि विनोद अब तक नहीं लौटे हैं। परिजनों ने उन्हें ढूंढने की कोशिश शुरू की इसी दौरान ग्रामीणों ने चक्रपानपुर और मोंगलावीर गांव के बीच ताल में एक शव पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ससुराल पक्ष ने शव की पहचान विनोद पटेल के रूप में की।

घटनास्थल पर पुलिस को मृतक के पास से दो डिस्पोजल ग्लास, एक मास्क और कागज में संदिग्ध पदार्थ मिला। परिजनों ने बताया कि विनोद मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अहमदाबाद से करीब एक सप्ताह पहले घर आए थे। विनोद अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पिता फेकू पटेल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव के पास मिले संदिग्ध पदार्थ और चॉकलेट को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
