वाराणसी
लोकबंधु राज नारायण की 107वीं जयंती पर हुआ भव्य समारोह
डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज के स्थापना दिवस पर जुटे विशिष्ट अतिथि, उठी स्टेडियम का नामकरण करने की मांग
मिर्जामुराद (वाराणसी)। लोकबंधु राज नारायण की 107वीं जयंती एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय भैरवतालाब (राजातालाब) का स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि धर्मेंद्र राय, सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा, “लोकबंधु का नारा था ‘गरीबों को मिले रोटी, तो मेरी जान सस्ती है,’ और हम इस पर कार्य करने के लिए संकल्पित हैं।”

धर्मेंद्र राय ने छात्रों से अपने माता-पिता को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की और बताया कि लोकबंधु राज नारायण रामचरितमानस के अनुयायी थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के अध्यक्ष जयकेश मिश्रा और पूर्व प्राचार्य डॉ. काशीनाथ सिंह उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता राजनारायण के सुपुत्र व कार्यक्रम संरक्षक राधे मोहन सिंह ने की।

मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने लोकबंधु राज नारायण और डॉ. राम मनोहर लोहिया की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्राचार्य प्रो. आशुतोष कुमार और प्रबंधक सुशील सिंह “तोयज” ने मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

डॉ. काशीनाथ सिंह ने कहा, “लोकबंधु राज नारायण किसी जाति विशेष के नेता नहीं, बल्कि एक विचार थे।” तो वहीं भैरवनाथ इंटर कॉलेज के प्रबंधक शैलेंद्र कुमार सिंह ‘शैलु’ ने उनके विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

स्टेडियम का नामकरण करने की मांग
कार्यक्रम में तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के प्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि से गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम लोकबंधु राज नारायण के नाम पर रखने की मांग की। मुख्य अतिथि ने आश्वासन दिया कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील सिंह, प्रदीप सिंह, नंदकिशोर सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, मनीष कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेंद्र कुमार राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. आशुतोष कुमार ने दिया।
