पूर्वांचल
पूर्वांचल विश्वविद्यालय : हॉस्टल के बाथरूम में छिपा कैमरा मिलने से हंगामा
अज्ञात नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मीराबाई छात्रावास में बाथरूम के शॉवर में गुप्त कैमरा मिलने का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद छात्राओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात बाथरूम की रैंडम जांच के दौरान छात्राओं ने शॉवर में छिपा हुआ एक कैमरा देखा। घटना से आक्रोशित छात्राओं ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फोन एप से कैमरे की पुष्टि का दावा
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने अपने फोन के कैमरा डिटेक्टर एप से कैमरे की मौजूदगी की पुष्टि की। हालांकि, पुलिस फिलहाल कैमरे के सही स्थान और संचालक का पता लगाने में जुटी हुई है।

अज्ञात नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज
घटना के बाद कई छात्राओं ने अज्ञात नंबरों से धमकी भरे मैसेज और कॉल मिलने का दावा किया है। कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया है कि उनसे बात करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने नंबरों को ट्रेस किया, जो गोरखपुर का बताया जा रहा है।
छात्राओं में रोष, सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से उनका मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस और प्रशासन सतर्क
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्रावासों में सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी के उपाय करने का आश्वासन दिया है। इस घटना ने छात्राओं की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छेड़ दी है। मामले की जांच जारी है।
