वाराणसी
82 लाख की जमीन निकली बैंक की बंधक, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
वाराणसी। नेवादा स्थित साईं स्वरूप अपार्टमेंट के निवासी शुभम सिंह ने 82 लाख रुपये में खरीदी गई जमीन के बैंक बंधक होने की बात सामने आने पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। चितईपुर थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, वर्ष 2022 में शुभम ने रवींद्रपुरी निवासी राजीव सिंह उर्फ बबलू सिंह से उक्त जमीन खरीदी थी।
शुभम ने बताया कि जमीन खरीदने के बाद जब उन्होंने दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला कि वह मोहनिया स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बंधक घोषित है। इस पर शुभम ने राजीव सिंह से संपर्क किया। बातचीत के बाद राजीव ने 61 लाख 75 हजार रुपये कई किस्तों में लौटाए, लेकिन शेष राशि लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर राजीव सिंह गालीगलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में पुलिस ने राजीव सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। राजीव सिंह से पूछताछ कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
