वाराणसी
छठ पूजा : बाजारों में बढ़ी फलों की मांग, 350 गाड़ियां पहुंची फलमंडी
वाराणसी। महादेव की नगरी काशी में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं और इसी के चलते बाजारों में फलों की मांग तेजी से बढ़ गई है। रविवार को पहड़िया मंडी में पूर्वांचल समेत अन्य प्रांतों से आए थोक कारोबारियों की भीड़ देखी गई। पूजा की बढ़ती मांग को देखते हुए विभिन्न राज्यों से यहां 350 से अधिक गाड़ी फल मंगवाए गए हैं, जिससे फलों के दाम 15 से 20 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
रविवार को मंडी में विभिन्न प्रकार के फलों की आपूर्ति हुई। अनानास के 150, चकोतरा के 40, नारियल के 30, सेब के 30, अनार के 15, केला के 30, संतरा के 15 और कीनू की 12 गाड़ियां यहां पहुंची। इसके अतिरिक्त, 50 से अधिक छोटे वाहनों से सिंघाड़ा, सुथनी, हल्दी, मूली और अन्य जंगली फल भी लाए गए।
स्थानीय फल व्यापारी संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार और मंगलवार तक मंडी में फलों की बिक्री जारी रहेगी और पूजा से पहले इन फलों की भारी डिमांड रहने की उम्मीद है। भले ही फलों के दाम में कुछ परसेंट की वृद्धि हुई हो इसके बावजूद फल खरीदने वालों की संख्या काफी है।
