वाराणसी
आयुष्मान वार्ड में मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा, जांच कमेटी का गठन
वाराणसी। आयुष्मान वार्ड में भर्ती 70 वर्षीय मरीज की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की और कहा कि जब तक उनकी बात सुनी नहीं जाएगी, वे शव को नहीं ले जाएंगे। मामले को बढ़ता देख मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह ने मौके पर पहुँचकर परिजनों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक सैदपुर, गाजीपुर निवासी सबर्धन राम को 27 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके कूल्हे की हड्डी टूटने के कारण डॉक्टर सुशील अग्रवाल ने ऑपरेशन की सलाह दी थी। दो नवंबर को उनका सफल ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन अचानक रात में उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में कठिनाई होने लगी। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने रात में मरीज को देखा, लेकिन कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद उनके बेटे राजकमल ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मरीज की मौत के कारणों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी से भेज दिया गया है ताकि मौत के असल कारणों का पता लगाया जा सके।
