वाराणसी
हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराई ट्रक, ड्राइवर की मौत, खलासी गंभीर घायल
रोहनिया (वाराणसी)। मोहन सराय पुलिस चौकी अंतर्गत करनाडाड़ी ओवरब्रिज के पास शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में संभल रोड, जामा मस्जिद के पास थाना मार्केट, मुरादाबाद निवासी ट्रक ड्राइवर आशिक (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी शौकीन (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सगे भाई थे। मौके पर पहुंचे मोहन सराय चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल खलासी को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर बेलवा बाबा के पास ओवरब्रिज के पहले एक ट्रक अचानक रुक गई, जिससे पीछे से आ रही आशिक की ट्रक अनियंत्रित होकर उसमें टकरा गई। ट्रक पर लदी लोहे की पाइपों ने केबिन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे ड्राइवर की तत्काल मौत हो गई। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
