वाराणसी
वाराणसी में जमानिया के सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह पर एफआईआर दर्ज
गवाह को धमकाने के मामले में कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
वाराणसी। यूपी में उप-चुनावों की गहमागहमी के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक ओमप्रकाश सिंह, जो गाजीपुर की जमानिया सीट से प्रतिनिधित्व करते हैं। उनपर वाराणसी में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) प्रथम और एमपी/एमएलए कोर्ट वाराणसी के आदेश पर हुई है। भेलूपुर पुलिस ने सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह समेत चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विधायक पर गवाह को धमकाने का आरोप
प्रकरण के अनुसार, केदार नगर कॉलोनी, सुंदरपुर, नेवादा निवासी सुंदर घोष, वाराणसी के सिगरा थाने में 2021 में दर्ज एक मामले में मुख्य गवाह हैं। इस मामले में सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह आरोपी हैं, और अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, 26 जून 2023 की रात ओमप्रकाश सिंह व अन्य आरोपी व्यक्ति कथित रूप से सुंदर घोष के घर में घुसे। उस समय घर में उनकी पत्नी अकेली थीं। आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें धमकाया और कहा कि वह अपने पति को कोर्ट में गवाही देने से रोकें, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
धमकी की शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
सुंदर घोष ने आरोप लगाया कि इसी दिन रुद्र प्रताप सिंह नामक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, यूपी 1076, और डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई, साथ ही स्थानीय भेलूपुर थाने में भी लिखित शिकायत दी। पुलिस ने घटना की रिकॉर्डिंग के लिए CCTV फुटेज और धमकी का ऑडियो प्राप्त किया, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया।
अंततः पीड़ित ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया, जिसके बाद एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने विधायक ओमप्रकाश सिंह और अन्य आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
कोर्ट के निर्देश के तहत FIR में जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह, ओपी सिंह, नंदलाल कुशरी, रितेश सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अब आगे की जांच शुरू कर दी है।
