वायरल
गाजियाबाद जिला जज कोर्ट में हंगामा, पुलिस चौकी में आगजनी, वकीलों पर लाठीचार्ज
गाजियाबाद के जिला जज कोर्ट में मंगलवार को जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान भारी हंगामा हो गया। जिला जज अनिल कुमार और वकीलों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्साए वकीलों ने कोर्ट रूम में कुर्सियां फेंक दीं और बाद में कचहरी की पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब वकील नाहर सिंह यादव ने एक व्यक्ति की जमानत याचिका को दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर करने की मांग की। इस पर जज और वकील के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि जिला जज ने पुलिस और PAC को मौके पर बुला लिया। वकीलों का आरोप है कि जज ने कोर्ट रूम के दरवाजे बंद करवा दिए और पुलिस ने उन्हें अंदर ही लाठीचार्ज किया जिसमें कई वकील घायल हो गए।
वकील अभिषेक यादव जो सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं, ने बताया कि पुलिस लाठीचार्ज के दौरान उन्हें भी चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर मारा और धमकी दी कि वकीलों का लाइसेंस जब्त किया जाएगा। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से कई थानों की पुलिस और PAC को कचहरी में तैनात किया गया है।
