मुम्बई
लॉरेंस बिश्नोई ने बढ़ाई सलमान खान की टेंशन, बढ़ाई गई सुरक्षा
अरबाज बोले- पूरी कोशिश है भाई सुरक्षित रहें
मुंबई। इस समय सलमान खान और उनके परिवार के लिए वर्तमान समय बहुत ही चुनौतीपूर्ण हैं। एक तरफ, सलमान अपने करीबी दोस्त और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या से गहरे सदमे में हैं। वहीं, दूसरी तरफ लॉरेंस बिश्नोई ने पहले ही सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है। इस साल अप्रैल में सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलियां चलवाई थीं। बाद में सलमान के पिता सलीम खान को भी धमकी दी गई थी।
लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि इसकी वजह सलमान के साथ उनकी करीबी दोस्ती थी। इसके बाद सलमान की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। बिग बॉस के सेट से लेकर पनवेल फार्म हाउस तक सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। इस बीच सलमान के भाई अरबाज खान ने परिवार की मौजूदा स्थिति के बारे में बात की और सलमान की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताओं को साझा किया है।
पूरी कोशिश है भाई सलमान सुरक्षित रहें

अरबाज ने सलमान की सुरक्षा को लेकर कहा, हम वो करने की कोशिश कर रहे हैं, जो हम सबसे अच्छा कर सकते हैं। सरकार और पुलिस के साथ-साथ हर कोई और हम भी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि चीजें उसी तरह से हों, जैसी होनी चाहिए और सलमान सुरक्षित रहें। अरबाज खान ने परिवार की मौजूदा स्थिति को लेकर खुलासा किया और बताया कि वे इस समय कितनी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने यह स्वीकार किया कि सलमान खान की लोकप्रियता का एक नकारात्मक पहलू भी है, जिसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है।
हालांकि, जब इस बारे में उनसे विस्तार से चर्चा करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस सवाल को टालते हुए कहा, ऐसा कहना सही नहीं होगा। हम लोगों को बहुत से लोग प्यार करते हैं। सिर्फ सलमान को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को। जिस तरह की स्थिति में हम हैं उसका अपना महत्व है इसलिए मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा जो आपने पूछा है।

अरबाज खान ने आगे कहा कि जीवन में कठिनाइयाँ अक्सर उस स्थिति से आती हैं जिसमें हमें भगवान डालते हैं या फिर हमारी खुद की मेहनत के कारण होती हैं। उन्होंने इसे एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा, यह आपकी जिंदगी का एक हिस्सा होता है। लेकिन अगर हम देखें, तो जिस तरह का प्यार और अपनापन हमें फैंस से मिल रहा है, वह बहुत मायने रखता है और बाकी चीजें इस पर निर्भर नहीं करतीं।
अरबाज ने यह भी बताया कि फैंस का यही प्यार परिवार को मजबूती दे रहा है। उन्होंने कहा, यह समर्थन हमें बहुत शक्ति प्रदान करता है। मुश्किल समय में हमें यह समझ आता है कि कौन हमारे साथ है। यह एक तरह का रियलिटी चेक होता है कि कौन आपकी जिंदगी में सच्चा है और कौन नहीं।
इसके अलावा मीडिया इंट्रैक्शन के दौरान अरबाज ने कहा- बाबा सिद्दीकी हम लोगों के परिवार के बेहद करीब थे। वो बहुत अच्छे और प्यारे इंसान थे। ईद के टाइम पर उसके साथ पूरी इंडस्ट्री जमा होती थी। तो उनके जाने का मुझे बहुत अफसोस हो रहा है। परिवार के लिए हम लोग प्रार्थना कर रहे हैं। हम सभी लोग इस वाकया से सहमे हुए हैं। बुरा हुआ उनके साथ।लेकिन हम सभी लोग इस वाकया से रिकवर करने की कोशिश कर रहे हैं।
