Connect with us

वाराणसी

बीएचयू : मरीज के पेट से निकाला गया 13.5 किलो का ट्यूमर

Published

on

Loading...
Loading...

डॉक्टरों का दावा है कि दुनिया भर में अभी तक किसी मरीज के शरीर से इतना बड़ा ट्यूमर नहीं निकाला गया है

वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में एक अनोखा मामला सामने आया जहां एक मरीज की किडनी से 13.5 किलोग्राम का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक हटाया गया। ट्यूमर का आकार काफी बड़ा था, जिसकी लंबाई 32 सेंटीमीटर, चौड़ाई 28 सेंटीमीटर और ऊंचाई 24 सेंटीमीटर थी। यह सर्जरी वाराणसी के सुजाबाद गांव के 52 वर्षीय मरीज पर की गई जिनकी किडनी में यह विशाल ट्यूमर पाया गया था।

डायरेक्टर प्रो. एसएन संखवार के नेतृत्व में यूरोलॉजी विभाग की टीम जिसमें प्रो. समीर त्रिवेदी और डॉ. ललित कुमार अग्रवाल शामिल थे ने चार घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। इस दौरान ट्यूमर को किडनी से सावधानीपूर्वक अलग किया गया। यह ऑपरेशन मात्र 15,000 रुपये से कम की लागत में किया गया, जिससे मरीज और उनके परिवार के चेहरे पर राहत और खुशी दिखाई दी।

मरीज की शुरुआत में डॉ. ललित कुमार अग्रवाल की ओपीडी में जाँच हुई जहाँ उन्हें पेट में तेज दर्द की शिकायत थी। जाँच के बाद किडनी में बड़े आकार का ट्यूमर पाया गया, जिसे दूरबीन विधि से निकालना संभव नहीं था। इसलिए ऑपरेशन के लिए बड़ा चीरा लगाना पड़ा। इस सर्जरी में अन्य डॉक्टरों के साथ एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और ओटी स्टाफ भी शामिल थे। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज को दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। डॉक्टरों का दावा है कि दुनिया भर में अभी तक किसी मरीज के शरीर से इतना बड़ा ट्यूमर नहीं निकाला गया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page