वाराणसी
भाजपा नेताओं के अमर्यादित बयानों पर कार्रवाई की मांग
वाराणसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शाहनवाज आलम के निर्देश पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित बयानों के विरोध में कार्रवाई की मांग की गई है। इसके तहत सोमवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने प्रदेशभर में जिला अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय को एक ज्ञापन प्रेषित किया।
इसी क्रम में वाराणसी में अल्पसंख्यक कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश महासचिव हसन मेंहदी कब्बन के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी आलोक वर्मा को राष्ट्रपति महोदय को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

हसन मेहंदी कब्बन ने इस मौके पर कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा करने, जातिगत जनगणना, आर्थिक सर्वे, दलितों, पिछड़ों, और अल्पसंख्यकों को उनके जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर सक्रिय हैं। ऐसे में आरएसएस, भाजपा और उनके सहयोगी दलों द्वारा राहुल गांधी पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में राहुल गांधी के खिलाफ दिए जा रहे अमर्यादित बयानों पर संज्ञान लेते हुए भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही, राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव हसन मेंहदी कब्बन, जिला अध्यक्ष मुनीर नज़्म सिद्दीकी, अब्दुल हमीद डोडे, लक्ष्मेश्वर नाथ शर्मा, नूरुल शेख, रईस अहमद, आफताब आलम, अब्दुल्ला अल्ताफ अहमद, मुरारीलाल, और बदरे आलम शामिल थे।
