अपराध
चोरी के माल के साथ तीन बाल अपचारी समेत चार चोर गिरफ्तार
वाराणसी की लंका पुलिस ने मंगलवार को बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जजेज गेस्ट हाउस के सामने घाट पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
गिरोह का सरगना दिन में होटल में काम करता और छुट्टी लेकर कॉलोनियों में रेकी करता था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने नाबालिग चोरों को गिरोह में शामिल किया और उनकी कम उम्र का फायदा उठाकर चोरियां करवाई। पुलिस को उनके कब्जे से 3 लैपटॉप, 1 मोबाइल, 2 लैपटॉप का चार्जर, सोने और चांदी की ज्वैलरी के साथ 1180 नगद बरामद हुए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, मुख्य आरोपी लोहटा (रसड़ा) बलिया का निवासी राज गुप्ता भेलूपुर के एक होटल में वेटर का काम करता था। उसके साथ गिरोह के गुर्गे तीनों बाल अपचारी बिहार के कैमूर के रहने वाले हैं। सभी वाराणसी के वैष्णो नगर (लंका) में किराए का कमरा लेकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्त राजू गुप्ता ने बताया कि, हम सभी की मुलाकात अस्सी के गंगा घाट पर हुई। सबकी अच्छी दोस्ती हो गई। अमीर बनने का सपना देखकर सभी समूह में रात को निकलते है। बंद पड़े मकान को अपना निशाना बनाते। गिरोह चोरी करने से पहले बंद मकान की दोपहर या देर रात में पहले रेकी करते थे। उम्र कम होने से यदि कोई सवाल करता तो वह खुद को छात्र बताकर निकल लेते थे। जिससे किसी को शक नहीं होता था। सामान से चोरी कर समान को औने-पौने दामों में बेचकर उससे मिले पैसे आपस में बांट लेते।
