वाराणसी
बाबा से जीत का आशीर्वाद लेकर साइकिल से नामांकन करने पहुंचे अजय राय, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
वाराणसी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर काशी में आज नामांकन का चौथा दिन है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने शुक्रवार को नामांकन करने से पहले श्री काशी विश्वनाथ, बाबा काल भैरव और बड़ा गणेश मंदिर का दर्शन-पूजन कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वह कलेक्ट्रेट परिसर नामांकन करने के लिए साइकिल से निकले।

अजय राय के नामांकन के दौरान जगह-जगह समर्थकों का भी जुटान रहा। सुबह से ही सपा-कांग्रेस से जुड़े अन्य संगठन के लोग लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर से लेकर जिला मुख्यालय तक टुकड़ियां बनाकर खड़े रहे। मुख्यालय पर ढोल-नगाड़े की गूंज सुने दे रही थी। इसी बीच अजय राय के समर्थन में मानो लोगों का हुजूम कलेक्ट्रेट परिसर में उमड़ पड़ा था।

साइकिल पर सवार होकर नामांकन के लिए निकलते समय अजय राय ने कहा कि, हम ड्रोन, हेलीकॉप्टर वाले नहीं गरीब जनता के साथ नामांकन करने वाले प्रत्याशी हैं। आज महंगाई बेरोजगारी से जनता त्रस्त है इस पर ही जनता ही जवाब देगी। हिंदू मुस्लिम अल्पसंख्यक वर्ग की आबादी पर अजय राय ने कहा कि, 10 सालों में आंकड़े क्यों नहीं जारी हुए ? यह केवल लोगों को भ्रमित करने के लिए हैं इसका कोई प्रभाव नहीं।
