अपराध
पुलिस को चुनौती दे रहे बदमाश, जनता की टूट रही आस
असलहे के दम पर लाखों की लूट
वाराणसी। पुलिस प्रशासन भले ही अपराधियों के खिलाफ 360 डिग्री कार्रवाई करने की बात करती हो, लेकिन पुलिस के आगे अपराधी निडर ही नजर आते हैं। ताजा मामला, वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र का है। पनिहारी गांव के पास बुधवार की रात स्कार्पियो सवार बदमाशों ने कैश रिकवरी एजेंट से दो लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। बदमाशों ने रिकवरी एजेंट की कार को ओवरटेक किया फिर लूट की घटना को अंजाम दिया। बाद में बदमाश कैथी टोल प्लाजा की तरफ से भाग गए। पुलिस गाड़ी नंबर के जरिये बदमाशों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के विशेश्वरगंज निवासी अजय श्रीवास्तव आरएल कंपनी में कैश रिकवरी एजेंट हैं। अजय और उनके एक अन्य साथी बलिया कैश रिकवरी के लिए कार से गए थे। शाम को बलिया से कैश लेकर वाराणसी आ रहे थे। गाजीपुर में एक जगह कार रोकते हुए चाय-पानी किया। इसके बाद गाजीपुर-वाराणसी हाईवे से आने लगे। रात साढ़े नौ बजे के आसपास कैथी टोल प्लाजा से कार जैसे ही आगे बढ़ी और लगभग दस किलोमीटर का सफर तय करते हुए पनिहारी पहुंची थी कि सुनसान स्थल देखते हुए पीछे से काले रंग की स्कार्पियो ने आकर कार को ओवर टेक कर लिया।
अजय श्रीवास्तव और उनके साथी कुछ समझ पाते तभी स्कार्पियो से उतरे तीन से चार की संख्या में युवकों ने असलहा सटा लिया और दो लाख नकदी और आभूषण लूटकर फरार हो गए।क्राइम ब्रांच और चौबेपुर पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि स्कार्पियो सवार बदमाश रिकवरी एजेंट के पीछे सैदपुर से ही लगे हुए थे। कैश के बारे में सटीक मुखबिरी हुई है। आंशका है कि बलिया से ही किसी ने मुखबिरी की है। पुलिस के अनुसार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें चौबेपुर से लेकर गाजीपुर तक दबिश दे रही है।
एडीसीपी वरूणा जोन, सरवणन टी ने बताया कि, नकदी लूट की सूचना पर पुलिस की टीमें टोल प्लाजा के सीसी कैमरों को खंगाल रही है। बदमाशों के पीछे पुलिस की एक टीम गाजीपुर भी गई है। आशंका है कि वारदात के बाद बदमाश गाजीपुर की ओर ही भागे हैं। हाइवे के होटल, ढाबा समेत अन्य स्थलों के सभी सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
