वाराणसी
कटहल की वजह से गई बुजुर्ग की जान
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अशोक विहार फेज-1 न्यू टेलीफोन कॉलोनी में बुधवार सुबह पेड़ से कटहल तोड़ने के विवाद में पड़ोसियों के धक्के से बुजुर्ग की जमीन पर गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, बेटे की तहरीर पर दंपती समेत तीन के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।जबकि तीसरे के लिए दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बृज बिहारी चौधरी (67) दूरसंचार विभाग से रिटायर थे। बुधवार की सुबह आठ बजे टहलने के दौरान वह कॉलोनी के सार्वजनिक पेड़ से कटहल तोड़ने लगे। इस दौरान उनकी पड़ोसी सुरेंद्र सिंह से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख सुरेंद्र की पत्नी और घर के अन्य सदस्य भी मौके पर जुट गए। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि, सुरेंद्र के परिजनों ने बुजुर्ग बृज बिहारी चौधरी को धक्का दे दिया। इससे वह लड़खड़ाकर जमीन पर औंधे मुंह गिर गए। उनके स्वजनों ने तत्कालअचेतावस्था में बृज बिहारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से सुरेंद्र सिंह, उनकी पत्नी और अन्य फरार हो गए।
