वाराणसी
काशी विश्वनाथ में प्रथम बार 16 रूद्र विग्रहों का हुआ रुद्राभिषेक
वाराणसी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी काशी में सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता, राष्ट्र के वैभव, सनातन धर्म के सुयश विस्तार एवं विश्व कल्याण के मनोरथ की सिद्धि के लिए संकल्प लेकर बाबा विश्वनाथ के धाम में विराजमान 16 रुद्र विग्रहों का विधिवत रुद्राभिषेक हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई।

इस दौरान मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा ने अमृतेश्वर महादेव, पं. दीपक मालवीय ने तारकेश्वर महादेव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने नीलकंठेश्वर महादेव, प्रो. ब्रजभूषण ओझा ने दंडपाणिश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया।


इसके अलावा अविमुक्तेश्वर महादेव, मांधातेश्वर महादेव, चंद्रगुप्तेश्वर महादेव, मनकामेश्वर महादेव, गंगेश्वर महादेव, श्री विश्वनाथ राजसभा, कुबेरेश्वर महादेव, नवग्रह, बालमुकुंदेश्वर महादेव, त्रिसंध्येश्वर महादेव का रुद्राभिषेक हुआ। रुद्राभिषेक के पश्चात मंडलायुक्त शक्तिपीठ माता विशालाक्षी और मां कालरात्रि का दर्शन किया।
