पूर्वांचल
सुपुर्द-ए-खाक हुए मुख्तार अंसारी, बेटे ने आखिरी बार दिया उनकी मूंछों पर ताव
पूर्वांचल के बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी को शनिवार को उनके गृह जनपद गाजीपुर स्थित काली बाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पैतृक घर जिसे बड़ा फाटक कहते हैं, वहां मुख्तार का शव अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। बेटे उमर ने जनाजे पर इत्र छिड़का और आखिरी बार अपने वालिद के मूछों पर ताव दिया। मुख्तार के जनाज़े के साथ कब्रिस्तान के अंदर जाने के लिए सिर्फ़ परिजनों को ही इजाजत थी, लेकिन काली बाग कब्रिस्तान में घुसने के लिए मुख्तार अंसारी के समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई।


इस दौरान समर्थकों ने मीडिया कर्मियों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। जनाजा निकलने के बाद प्रिंस टाकीज मैदान पर नमाज-ए-जनाजा की रस्म अदा की गई। यहीं लोगों से अपील की गई कि अब आगे ना जाएं, परिवार के लोगों को ही कब्रिस्तान में जाने दें। इसके बाद मुख्तार अंसारी को शनिवार सुबह 10:45 बजे गाजीपुर के कालीबाग कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। इस जनाजे में करीब 30,000 की संख्या में लोग शामिल हुए।
