सियासत
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीतापुर जेल में की आजम खान से मुलाकात
लखनऊ। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सीतापुर जेल में पार्टी के नेता आज़म खान से मुलाकात की। उनका काफिला जेल परिसर के अंदर चला गया था। अखिलेश ने जेल के अंदर जाते वक्त मीडिया से बातचीत भी की। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अनूप गुप्ता तथा रामपुर से सपा के अध्यक्ष भी थें।
लोकसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात से सियासी हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि, अखिलेश रामपुर सीट पर पार्टी के प्रत्याशी को लेकर आजम खान की राय लेने के लिए पहुंचे थें। रामपुर सीट पर पहले चरण में चुनाव होना है। यहां 27 मार्च को नामांकन की आखिरी तिथि है। इसके बावजूद अभी तक सपा ने यहां से किसी भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।

ऐसे में उम्मीद यही है कि, अखिलेश यादव, आजम खान से इसी मुद्दे पर बात करने जेल में गए थें। जेल में मुलाकात का समय दोपहर 12:00 से 2:00 बजे के बीच होता है। अखिलेश यादव का काफिला 12:07 पर जेल में पहुंचा था। जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद सपा प्रमुख ने अनूप गुप्ता के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
