अपराध
मामूली सी बात पर रिश्तों का कत्ल
छोटे भाई ने बड़े भाई को मारा चाकू, हुई मौत
सुल्तानपुर। जिले में सोमवार की रात मोतिगरपुर थानाक्षेत्र के मीरपुर गांव में रिश्तों का कत्ल हो गया। यहां बाइक खड़ी करने के मामूली विवाद में सगे भाई ने सगे भाई को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं सूचना मिलने पर एसपी सोमेन बर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला मोतिगरपुर थाना अंतर्गत क्षेत्र के मीरपुर गांव का है जहाँ के रहने वाले हृदयराम नागर के छोटे पुत्र विपिन ने गली में बाइक खड़ी की। इसको लेकर विपिन के बड़े भाई संदीप कुमार (35 वर्ष) ने आपत्ति की। तो दोनों में कहा सुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों में हाथापाई होने लगी। मां नौरंगी देवी और पिता हृदय राम नागर दोनों के मध्य बीच बचाव करने लगे। लेकिन दोनों ने मां बाप की एक न सुनी, आखिर में माता-पिता आस पड़ोस के लोगों को मदद के लिए बुलाने गए। तभी विपिन घर से चाकू लेकर आया और संदीप के पेट में चाकू घोंप दिया।संदीप चाकू लगने के बाद वही तड़पने लगा और उसकी जान निकल गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे ब्रॉड डेड घोषित कर दिया।
तो वहीं उधर घटना की सूचना पाकर एसपी सोमेन बर्मा मौके पर पहुंचे,साथ ही फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पत्नी किरन देवी, रेशमी (14 वर्ष), रागनी (12 वर्ष), धीरेन्द्र (10 वर्ष), सतेन्द्र (7वर्ष), राघवेन्द्र (5 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है।
