Connect with us

वाराणसी

काशी दौरे में नाराज हुए मुख्यमंत्री, अफसरों को दी इस मामले में सख्त हिदायत

Published

on

Loading...
Loading...

सीएम ने ज्ञानवापी स्थित व्यासजी तहखाने में पूजा की

पीएम नरेंद्र मोदी के आगामी काशी दौरे के तहत तैयारियों का जायजा लेने और विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। सीएम ने फूलपुर में बन रहे अमूल प्लांट के अलावा सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम और काशी रोपवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद वह बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ जी के भी दर्शन करने गए।

श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय को अपग्रेड किए जाने के लिए पैसा जारी होने के बावजूद काम न शुरू होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के भवन खंड के अधिशासी अभियंता के विरुद्ध शासन को पत्र भेजा जाए। साथ ही काम जल्द शुरू कराया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई हर हाल में होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर बनी धर्मशालाओं पर अवैध कब्जे को हटवाएं और उन्हें साधु-संतों तक ही सीमित रखें। धर्मशालाओं पर पेशेवर लोग काबिज न होने पाएं। सीवर और नाली के काम को जल्द पूरा करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने जल संस्थान के अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि, नगर निगम के दायरे में जो क्षेत्र आए हैं, वहां ड्रेनेज, सीवर और पीने के पानी, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था कराई जाए। 

सीएम ने लोक निर्माण विभाग के काम में हो रही देरी के लिए एनओसी के समय ही टेंडर प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया और कहा कि, अधिकारी मौके पर जाकर निर्माण कार्य देखें, ताकि सड़क और नाली मानक के अनुसार बने। बचे हुए सभी काम मार्च के पहले हफ्ते तक पूरा कराएं। काम इस तरह से हो कि आवागमन बाधित न हो और गुणवत्ता को लेकर सवाल न उठने पाए।

सारनाथ में प्रो-पुअर योजना के तहत हो रहे काम में देरी पर नाराजगी जताते हुए वीडीए से सभी डिजाइन समय पर कार्यदायी संस्था को देकर बचे काम को मार्च के पहले सप्ताह तक पूरा कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत के काम में देरी होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन सभी छह सड़कों के काम को मार्च के पहले हफ्ते तक हर हाल में पूरा कराएं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page