गोरखपुर
शाहपुर में सड़क पर उतरे एसपी सिटी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, अवैध काली फिल्म उतरवाई; यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के काटे चालान
गोरखपुर। शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ शाहपुर थाना क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संदिग्धों पर नजर, दुकानदारों से किया संवाद
पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
अवैध काली फिल्म उतरवाई, वाहन चालकों के काटे चालान
अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने चार पहिया वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म मौके पर उतरवाई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने और स्टंटबाजी से बचने की चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों के साथ जवान रहे मौजूद
पैदल गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह, शाहपुर थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
