गोरखपुर
विकास भवन में गंदगी और कबाड़ देख भड़के सीडीओ, दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण
औचक निरीक्षण में कर्मचारी मिले अनुपस्थित, सफाई अभियान चलाने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
गोरखपुर, 29 अक्टूबर। विकास भवन में गंदगी, बिखरा कबाड़ और कर्मचारियों की अनुपस्थिति देखकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने कड़ी नाराजगी जताई। गुरुवार को विभिन्न कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित कर्मचारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कई कार्यालयों में मिले अनुपस्थित कर्मचारी
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने कार्यालयाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय पर उपस्थिति अनिवार्य है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सफाई अभियान चलाने के निर्देश
विकास भवन परिसर में गंदगी और अव्यवस्थित सामान मिलने पर सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) और नाजिर को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुपयोगी सामान और कबाड़ को नियमानुसार हटाने तथा कार्यालयों, गलियारों और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
फाइलों को व्यवस्थित रखने की हिदायत
सीडीओ ने अधिकारियों को सरकारी फाइलों और अभिलेखों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और समयबद्ध उपस्थिति के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी कामकाज में सुधार लाने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
