गोरखपुर
गोरखपुर में हत्या का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
बेलीपार में पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दाहिने पैर में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में वांछित आरोपी रवि निषाद को पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कसिहार बंधे के पास आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान महिला की हुई थी मौत
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को दर्ज शिकायत में बताया गया था कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने वादी की बाइक पर बैठी उसकी पत्नी मीरा पाण्डेय को धक्का दे दिया था। सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में बेलीपार थाने में मुकदमा संख्या 247/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
तमंचा, दो जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपी रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
आर्म्स एक्ट समेत नया मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर बेलीपार थाने में मुकदमा संख्या 251/26 के तहत बीएनएस की धारा 109 और शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25/27 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बेलीपार थाने में पूर्व के अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
