गाजीपुर
जाफरपुर डिहीया में एक सप्ताह से खेत में गिरा बिजली का तार, विभाग बेखबर
पावर हाउस के चक्कर काट रहे किसान, खेत की जुताई और बुवाई प्रभावित होने का खतरा
दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जाफरपुर डिहीया गांव में अनिल राय के खेत में खंभे से गिरा बिजली का तार करीब एक सप्ताह से पड़ा है। आरोप है कि लगातार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने अब तक तार को ठीक करने या हटाने की जहमत नहीं उठाई है। इससे किसान परेशान हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

अनिल राय का कहना है कि वह पिछले एक सप्ताह से लगातार पावर हाउस का चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने संबंधित जेई और लाइनमैन से कई बार शिकायत कर तार ठीक कराने की मांग की, लेकिन अब तक मौके पर कोई कर्मचारी देखने तक नहीं पहुंचा। किसान के मुताबिक, शिकायत करने पर जेई बार-बार जल्द कर्मचारी भेजने की बात कहते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
खेत की जुताई और फसल की बुवाई पर संकट
अनिल राय को अपने खेत की जुताई कराकर समय से फसल की बुवाई करनी है, लेकिन खेत में बिजली का तार गिरा होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। किसान का कहना है कि जब तक तार को हटाया या ठीक नहीं किया जाएगा, तब तक खेत की जुताई कराना संभव नहीं है। इससे खेती का काम प्रभावित होने की आशंका है।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
किसान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गांव में ही पावर हाउस होने के बावजूद बिजली का तार ठीक करने के लिए विभागीय कर्मचारियों के पास समय नहीं है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
बड़ी दुर्घटना की आशंका
खेत में बिजली का तार एक सप्ताह से गिरा होने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। किसान ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द तार ठीक कराने और खेत को सुरक्षित कराने की मांग की है। अब देखना है कि विभाग इस समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।
