गोरखपुर
गोलघर के व्यापारियों को बड़ी राहत, नगर निगम ने बोलार्ड हटाने का काम शुरू किया
इंदिरा तिराहा पर आवागमन और पार्किंग की समस्या होगी दूर, व्यापार मंडल ने महापौर व नगर निगम प्रशासन का जताया आभार
गोरखपुर, गोलघर।स्थित इंदिरा तिराहा (चटोरी गली/नावेल्टी क्लॉथ मार्ग) पर व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से आवागमन और पार्किंग में परेशानी का कारण बने बोलार्ड्स को हटाने का काम नगर निगम प्रशासन ने शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम इन बोलार्ड्स को हटाकर व्यवस्थित करने में जुटी है। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में खुशी है।
बोलार्ड्स के कारण प्रभावित हो रहा था कारोबार
इंदिरा तिराहा मार्ग पर बोलार्ड्स लगे होने से ग्राहकों और आम लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। पार्किंग की समस्या के कारण दुकानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा था, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा था। गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारी लगातार इस समस्या को उठाते हुए बोलार्ड्स हटाने की मांग कर रहे थे।
जिलाध्यक्ष नितिन जायसवाल ने जताया आभार
नगर निगम की कार्रवाई पर गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने सराहनीय कदम उठाया है। लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के बाद बोलार्ड्स हटने से व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह व्यापारियों के सतत संघर्ष और प्रशासन के साथ संवाद का सकारात्मक परिणाम है। इससे ग्राहकों का आवागमन सुचारू होगा और कारोबार को फिर से गति मिलने की उम्मीद है।
एसएसपी आवास की तरफ से भी बोलार्ड हटाने की मांग
नितिन जायसवाल ने प्रशासन से आग्रह किया कि बोलार्ड हटाने का कार्य पूरी योजना के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने एसएसपी आवास की तरफ से भी बोलार्ड हटवाने की मांग की, ताकि मार्ग पर डेड-एंड की स्थिति न बने। साथ ही अवैध पार्किंग और जाम की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
व्यापारियों ने की प्रशासन की सराहना
इस दौरान मौके पर विवेक अग्रवाल, प्रदीप टेकरीवाल, निकुंज टेकरीवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस कदम से गोलघर क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
