Connect with us

गाजीपुर

मांगें पूरी नहीं हुईं तो 31 अक्टूबर को सामूहिक इस्तीफा देंगे सभासद

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया नगर पालिका में 21वें दिन भी धरना जारी, शर्ट उतारकर जताया विरोध; पालिका अध्यक्ष और प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

जमानिया, (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद जमानिया में जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 21वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज सभासदों ने शर्ट उतारकर विरोध जताया और पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता व पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि 31 अक्टूबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सभी सभासद सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।

जनहित और पारदर्शिता के लिए आंदोलन

सभासदों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि नगर की जनता के अधिकारों, विकास कार्यों में पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामूहिक इस्तीफे के बाद भी आंदोलन समाप्त नहीं होगा, बल्कि आम जनता को साथ लेकर व्यापक स्तर पर शांतिपूर्ण जनांदोलन शुरू किया जाएगा।

गृहकर वसूली और आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर सवाल

धरनारत सभासदों ने आरोप लगाया कि रोक के बावजूद नगर में नवीन गृहकर की वसूली की जा रही है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तैनाती, कार्यों और जिम्मेदारियों का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। सभासदों का आरोप है कि कर्मचारियों को व्यक्तिगत बैठकों और धार्मिक आयोजनों में लगाया जा रहा है, जिससे नगर के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बोर्ड बैठकों में पारित विकास प्रस्तावों को लागू नहीं किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

छह सूत्रीय मांगों पर अड़े सभासद

सभासदों की छह सूत्रीय मांगों में नवीन गृहकर की वसूली पर तत्काल रोक, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना, बोर्ड से पारित विकास प्रस्तावों को लागू करना तथा संबंधित मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराना प्रमुख है। सभासदों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।

Advertisement

धरने में ये सभासद रहे मौजूद

धरना स्थल पर प्रमोद यादव, विकास जायसवाल जुगनू, सचिन वर्मा, राज चौधरी, सुरेंद्र चौधरी साहू, अंजनी गुप्ता, मोहन गुप्ता, मनीष यादव, शिवबचन यादव, आमिर उर्फ गोलू, उमराव यादव, अरशद और मोहन राम सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page