गाजीपुर
लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे राम-सीता, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा नायकडीह
रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, पुष्पवर्षा कर किया भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का स्वागत
खानपुर (गाजीपुर)। नायकडीह में चल रही रामलीला में लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने की लीला का भव्य मंचन किया गया। रथ पर सवार होकर गांव पहुंचे प्रभु श्रीराम का श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद पूरे गांव में रथ यात्रा निकाली गई। जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय हो गया।
दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। कलाकारों ने लंका विजय के प्रसंग का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
शिव तांडव की प्रस्तुति ने मोहा मन
रामलीला के दौरान शिव तांडव की आकर्षक प्रस्तुति भी की गई। कलाकारों के शानदार अभिनय और नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। शिव तांडव के मंचन ने कार्यक्रम में भक्ति और रोमांच का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में आशुतोष सिंह, सूरज जायसवाल, रामकृष्ण सिंह अलगू, अचल सिंह, आजाद सिंह, गोल्डी सिंह, संतोष, मुन्ना गुप्ता और सतरंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक मौजूद रहे।
