Connect with us

गोरखपुर

बेलीपार में टला बड़ा हादसा, अंधेरे में भूसे के ढेर में फंसे चार बच्चे सकुशल बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

डायल 112 पर सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस, घंटों की तलाश के बाद मिली सफलता

गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के जंगल अखलास कुंवर टोला खरोहां गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेलते-खेलते चार मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों बच्चों को भूसे के ढेर से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

खेलते-खेलते गांव से 600 मीटर दूर पहुंचे बच्चे

जानकारी के अनुसार, लापता बच्चों में अमेरिका चौहान के दो बेटे शनी (10 वर्ष) और रवि (8 वर्ष), विजय चौहान का बेटा राज (4 वर्ष) तथा हरिलाल का बेटा कुशल (9 वर्ष) शामिल थे। चारों बच्चे दोपहर में खेलते-खेलते गांव से करीब 600 मीटर दूर खेतों की ओर चले गए। इसी दौरान अंधेरा होने लगा और रास्ता दिखाई नहीं देने के कारण बच्चे घबरा गए। डर के चलते वे भूसे के ढेर के बीच छिप गए और वहीं फंस गए।

डायल 112 पर सूचना मिलते ही शुरू हुई तलाश

रविवार शाम ग्रामीण दीपक ने बच्चों के लापता होने की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और आसपास के खेतों में तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खेतों और आसपास के इलाकों की तलाशी ली।

टॉर्च की रोशनी पड़ते ही बाहर निकला एक बच्चा

तलाशी के दौरान अचानक टॉर्च की रोशनी भूसे के ढेर पर पड़ी तो डर के कारण एक बच्चा बाहर निकल आया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और भूसे के ढेर के भीतर छिपे अन्य तीन बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चारों बच्चों के सकुशल मिलने से पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Advertisement

पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंधेरा होने के कारण बच्चे रास्ता भटककर भूसे के ढेर में फंस गए थे। पुलिस ने समय रहते तलाश अभियान चलाकर चारों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page