Uncategorized
प्रशासन से वार्ता के बाद करणी सेना ने स्थगित किया काला झंडा दिखाने का कार्यक्रम
दीपावली के बाद जिलाधिकारी से मुलाकात कराने के आश्वासन पर बनी सहमति, 25 अक्टूबर का प्रस्तावित विरोध टला
वाराणसी। प्रधानमंत्री के 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी आगमन के दौरान काला झंडा दिखाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। गुरुवार शाम डीसीपी वरुणा जोन कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। दीपावली के बाद जिलाधिकारी से मुलाकात कराने के आश्वासन पर संगठन ने अपना विरोध कार्यक्रम स्थगित करने पर सहमति जताई।
कार्यक्रम की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन की ओर से बैठक बुलाई गई थी। वार्ता के दौरान डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी से फोन पर बातचीत की। इसके बाद वाराणसी जिलाध्यक्ष आलोक सिंह की मौजूदगी में प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित करने पर सहमति बनी।
जिलाधिकारी से मुलाकात के आश्वासन पर बनी सहमति
जिलाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय और सारनाथ एसीपी विनय द्विवेदी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी को दीपावली के बाद जिलाधिकारी वाराणसी से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद संगठन ने फिलहाल 25 अक्टूबर को प्रस्तावित काला झंडा दिखाने के कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया।
बैठक में प्रशासन और संगठन के बीच आपसी संवाद के माध्यम से मामले का समाधान निकालने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की दिशा में पहल की। इस दौरान डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, कैंट एडीसीपी और सारनाथ एसीपी विनय द्विवेदी ने प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी तथा जिलाध्यक्ष आलोक सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में हुई। इसमें जिलाध्यक्ष आलोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम सिंह रघुवंशी, रामाश्रय सिंह, शिव प्रताप सिंह, रविकांत सिंह, विकास सिंह रघुवंशी, संजय सिंह सोनू, ऋषि सिंह, शशि प्रकाश सिंह, त्रिपुरारी रघुवंशी, विधानसभा अध्यक्ष पंकज सिंह, नीरज सिंह, अजीत सिंह, गजेंद्र सिंह और प्रमोद कुमार सिंह भातु सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन और संगठन के बीच हुई वार्ता के बाद फिलहाल प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम टल गया है। अब दीपावली के बाद जिलाधिकारी से होने वाली मुलाकात और उसमें होने वाली बातचीत पर आगे की स्थिति निर्भर करेगी।
