गाजीपुर
तीन दशक से लिंक मार्ग निर्माण की बाट जोह रहे ग्रामीण, कीचड़ और गड्ढों से बढ़ी परेशानी
ढाई सौ मीटर सड़क पर नहीं हुआ खड़ंजा या इंटरलॉकिंग, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत; आंदोलन की चेतावनी
बहरियाबाद, गाजीपुर। ग्रामसभा चकफरीद में पिछले तीन दशकों से लिंक मार्ग के निर्माण की आस लगाए ग्रामीणों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। स्थिति यह है कि बरसात के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सैदपुर से चिरैयाकोट जाने वाले मुख्य मार्ग से निकलकर यह लिंक मार्ग कुंजन विश्वकर्मा के मकान और बिरजू मौर्य के मकान के रास्ते आराजी कस्बा स्वाद को जोड़ता है। करीब 250 मीटर लंबे इस मार्ग से चकफरीद, आराजी कस्बा स्वाद, बहरियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का आवागमन होता है। इस मार्ग पर केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। बरसात में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन जाते हैं और कीचड़ के कारण राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
इस मार्ग से दो अन्य संपर्क मार्ग भी निकलते हैं। पहला मार्ग स्वर्गीय पंचदेव के पंपसेट से शुरू होकर स्वर्गीय नंदू सेठ के मकान की तरफ से बहरियाबाद चौराहे होते हुए सादात की ओर जाता है। वहीं, दूसरा मार्ग स्वर्गीय पंचदेव मौर्य के पंपसेट से आराजी कस्बा स्वाद के प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल खालिक उर्फ गुड्डू के मकान की तरफ जाता है। इन रास्तों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों और खेतों में जाने वाले किसानों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से बातचीत की गई, लेकिन आज तक खड़ंजा या इंटरलॉकिंग का कार्य नहीं कराया गया। समस्या से परेशान होकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान कलावती देवी और प्रधान प्रतिनिधि शिवनाथ राम पर विकास कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है।
विजेंद्र मौर्य, दूधनाथ मौर्य, रामवृक्ष मौर्य, राजेश मौर्य, कन्हैया मौर्य, बृजेश मौर्य और जमुना मौर्य सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मांग की है कि लिंक मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और अनशन करने के लिए बाध्य होंगे।
