Connect with us

भदोही

पीईटी-2026 की परीक्षा के लिए भदोही में तैयारियां पूरी, 13 केंद्रों पर 33,984 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। जनपद में परीक्षा के लिए 13 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर छह पालियों में कुल 33,984 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 5,664 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

तीन दिन छह पालियों में होगी परीक्षा

पीईटी-2026 का आयोजन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो-दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था

जिलाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, जनरेटर, विद्युत व्यवस्था और भवन संबंधी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के लिए पुलिस अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर रहेगी विशेष निगरानी

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन, रोडवेज और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

परीक्षा की गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए कोषागार के डबल लॉक में पर्याप्त स्थान की व्यवस्था की गई है। 1 नवंबर को परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय परीक्षा सामग्री को आयोग मुख्यालय तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, कक्ष निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए।

Advertisement

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

परीक्षा केंद्रों की सूची

जनपद में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में बूनमैक्स कॉन्वेंट स्कूल, गोधना, जंगीगंज; गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, गोपीगंज; काशीराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी; मदर हलीमा पब्लिक स्कूल, मर्यादपट्टी; पीएम श्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर; श्री इंद्रबहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज, भदोही; सेंट थॉमस स्कूल, गोपीगंज; सेंट थॉमस स्कूल, बेदपुर ज्ञानपुर; जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, गोपीगंज; जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर; श्री काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज तथा टेंडर हार्ट पब्लिक स्कूल, घोसिया औराई शामिल हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page