भदोही
भदोही में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची जारी, 25 अक्टूबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
भदोही। जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं समायोजन के बाद आलेख्य सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के प्रावधानों के तहत तैयार की गई इस सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की प्रकाशित आलेख्य सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालय तथा जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आम नागरिक एवं राजनीतिक दल सूची का निःशुल्क अवलोकन कर सकते हैं।
25 अक्टूबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति और सुझाव
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने जनसामान्य एवं सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि मतदेय स्थलों की सूची के संबंध में यदि कोई आपत्ति या सुझाव हो, तो उसे 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करा दें।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राप्त होने वाली आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
