Connect with us

गाजीपुर

गृहकर वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के इस्तेमाल के विरोध में सभासदों का धरना आठवें दिन भी जारी

Published

on

Loading...
Loading...

नगर पालिका अध्यक्ष पर मनमानी, वादाखिलाफी और कर्मचारियों के निजी उपयोग का आरोप; मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जमानियां, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानियां में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी हित में इस्तेमाल के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बृहस्पतिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

बोर्ड और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी का आरोप

सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का इस्तेमाल पालिका के कार्यों के बजाय निजी हितों के लिए कर रहे हैं। उनका कहना है कि गृहकर वसूली के मामलों में भी बोर्ड और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने और वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सभासदों के खिलाफ हरिजन एक्ट के तहत जबरन मुकदमा दर्ज कराया गया और सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पालिका के काम से हटाकर निजी कार्यों में लगाए जाने से नगर पालिका के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज

धरनारत सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे संवैधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन पर डालते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

Advertisement

धरने में मनीष यादव, रजनीकांत यादव, सुरेंद्र चौधरी साहू, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल, राजा बाबू, मोहन राम, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, प्रमोद यादव, शिवबचन यादव और उमराव यादव सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page