Connect with us

गाजीपुर

निमंत्रण से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, छह नामजद

Published

on

Loading...
Loading...

लोहे की रॉड और लात-घूंसों से मारकर किया घायल, हत्या के प्रयास व बलवा समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र में निमंत्रण से घर लौट रहे युवक पर कथित रूप से घात लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मजार के पास रोककर किया हमला

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह के अनुसार, जोगियामार गांव निवासी 22 वर्षीय शैलेष कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम वह रसूलपुर गांव में एक निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जमानियां-दिलदारनगर मार्ग पर शहीद बाबा की मजार के पास कथित तौर पर घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जोगियामार निवासी अनुराग यादव, मोहित यादव, पवन यादव, आशीष उर्फ प्रिंस और सत्यम तथा दौदही निवासी अमन यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के आगे बढ़ने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page