Connect with us

गाजीपुर

नंदगंज में दुर्गा पूजा की धूम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित हुईं प्रतिमाएं

Published

on

Loading...
Loading...

चंद्रयान थीम का पंडाल और हाइड्रोलिक तकनीक से सजी गुफा बने आकर्षण का केंद्र, दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

नंदगंज (गाजीपुर), जयदेश। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नंदगंज क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और आरती के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बन गया है। पंडालों की आकर्षक सजावट, झांकियों और मां के भक्तिगीतों से पूरा इलाका भक्तिमय नजर आ रहा है।

चंद्रयान थीम का पंडाल बना आकर्षण

नंदगंज बाजार के चोचकपुर तिराहे पर इस वर्ष इसरो के चंद्रयान की थीम पर आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया गया है। वहीं, रेलवे स्टेशन तिराहे पर थाना गेट के समीप लंबी गुफा यानी कंदरा का निर्माण कर उसमें मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। इस पंडाल की खासियत हाइड्रोलिक तकनीक से प्रतिमा को ऊपर-नीचे करने की व्यवस्था है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

दोनों पंडालों के बीच रहती है प्रतिस्पर्धा

नंदगंज के इन दोनों प्रमुख पूजा पंडालों में हर वर्ष सजावट और अनूठी प्रस्तुति को लेकर खास प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है। इस बार भी पूजा समितियां पंडालों को भव्य रूप देने में जुटी हैं। सजावट का काम अभी जारी है। ऐसे में श्रद्धालुओं के बीच यह जानने की उत्सुकता बनी हुई है कि कौन-सा पंडाल अपनी थीम और भव्यता से अधिक लोगों का ध्यान आकर्षित करेगा।

Advertisement

गांवों तक पहुंचा नवरात्र का उत्साह

नंदगंज बाजार के साथ बरहपुर, नैसारा, दवोपुर, सिहोरी, श्रीगंज, नंदगंज औद्योगिक क्षेत्र और कुसुम्हीकलां सहित आसपास के गांवों में भी दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडालों में गूंजते भक्तिगीतों, जयकारों और श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर है। नवरात्र को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page