गाजीपुर
माता शैलपुत्री के भव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
यूसुफपुर के माता महाकाली मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ, नवरात्र के पहले दिन भक्तिमय हुआ माहौल
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर), जयदेश। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन यूसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री का भव्य श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से दर्शन-पूजन के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ आयोजित हुआ। माता के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
नारियल और चुनरी चढ़ाकर मांगी सुख-समृद्धि
नवरात्र के शुभारंभ पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। भक्तों ने माता रानी के समक्ष शीश झुकाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
नौ दिवसीय अनुष्ठानों का हुआ शुभारंभ
यूसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। प्रथम दिन माता शैलपुत्री की पूजा के साथ ही मंदिर में नौ दिनों तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
