Connect with us

गाजीपुर

दस दिन से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण

Published

on

Loading...
Loading...

फत्तेपुर में एक हजार की आबादी परेशान, खारे पानी के चलते दूसरे गांवों से लाना पड़ रहा पेयजल

खानपुर (गाजीपुर), जयदेश। विकासखंड सैदपुर की ग्राम पंचायत जमीन संदल के फत्तेपुर गांव में पिछले दस दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। रजहटी गांव में बनी अधूरी पानी की टंकी से आपूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। गांव के हैंडपंपों से खारा पानी निकलने के कारण लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। करीब 150 घरों की एक हजार आबादी इस समस्या से जूझ रही है।

खारा पानी पीने के काम नहीं आता

ग्रामीण अभिषेक यादव, राकेश गोड़, अंकित राजभर और उमाशंकर राजभर ने बताया कि गांव के हैंडपंपों का पानी खारा होने के कारण पीने और खाना बनाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसका उपयोग नहाने तथा कपड़े-बर्तन धोने जैसे घरेलू कार्यों में किया जाता है। पेयजल के लिए ग्रामीण पानी की टंकी पर निर्भर हैं, लेकिन पिछले दस दिनों से आपूर्ति बंद होने के कारण उन्हें दूसरे गांवों से पानी लाना पड़ रहा है।

पानी जुटाने में बीत रहा समय

जलापूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है। खासकर महिलाओं को घरेलू कार्यों के बीच पीने के पानी का इंतजाम करने के लिए दूसरे गांवों तक जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से ही खारे पानी की समस्या है। ऐसे में टंकी से आपूर्ति बंद होने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

दो दिन में आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन

ग्रामीणों के अनुसार, रजहटी गांव में पानी की टंकी का निर्माण अभी अधूरा है। फिलहाल सबमर्सिबल पंप के सहारे जलापूर्ति की जा रही थी, लेकिन मोटर खराब होने से आपूर्ति ठप हो गई।

Advertisement

जल निगम के अवर अभियंता विजय मौर्य ने बताया कि पंप करीब एक सप्ताह पहले खराब हुआ था। उन्होंने दो दिनों के भीतर मरम्मत कराकर जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि पेयजल संकट से कब राहत मिलेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page